अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर। जनपद में गैस एजेंसियों की लापरवाही और लचर कार्यप्रणाली के कारण आम जनता की रसोई का बजट और समय दोनों बिगड़ रहे हैं। ताजा मामला गौरव गैस एजेंसी का है, जहाँ बुकिंग के 10 दिन बीत जाने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नसीब नहीं हो रहा है।
दिल्ली रोड निवासी एक महिला उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने 30 अप्रैल को गैस सिलेंडर बुक किया था। बुकिंग के बाद से वे लगातार एजेंसी के चक्कर काट रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि घंटों लाइन में लगने के बाद जब उपभोक्ता का नंबर आता है, तो एजेंसी कर्मचारी यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि “गैस की गाड़ी अभी नहीं आई है।”
नियमों के मुताबिक, गैस खत्म होने से काफी समय पहले यानी लगभग 25 दिन पहले ही बुकिंग की सुविधा दी जाती है, ताकि समय पर आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। इसके बावजूद गौरव गैस एजेंसी 10-10 दिनों तक गैस देने में असमर्थता जता रही है। एजेंसी की इस कछुआ चाल के कारण मध्यमवर्गीय परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी पर बुरा असर पड़ रहा है। कई घरों में चूल्हे ठंडे पड़ने की नौबत आ गई है।
एजेंसी की इस अव्यवस्था से न केवल दिल्ली रोड बल्कि अन्य क्षेत्रों के उपभोक्ता भी बेहद आक्रोशित हैं। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अपील की है कि गौरव गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली की गहन जांच की जाए। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की लापरवाही की वजह से उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है, इसलिए प्रशासन को जल्द से जल्द सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि गैस की सुचारू आपूर्ति बहाल हो सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *