डा० एम ए तोमर
मुज़फ्फरनगर। शहर की राजनीति में लंबे समय से चली आ रही तल्खियां अब खत्म होती नजर आ रही हैं।भाजपा नेता गौरव स्वरूप और राष्ट्रीय नौजवान जनता दल के अध्यक्ष सुमित खेड़ा के बीच चला आ रहा मनमुटाव सुलह में बदल गया है।दोनों नेताओं ने आपसी मतभेद भुलाकर शहर के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया है।इससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि अब स्थानीय राजनीति टकराव से निकलकर विकास के मुद्दों पर केंद्रित होगी।
जानकारी के अनुसार हाल ही में हुई मुलाकात में दोनों नेताओं ने खुलकर बातचीत की और सहयोग की नई शुरुआत पर सहमति जताई। इस दौरान सुमित खेड़ा ने शहर की समस्याओं को वार्डवार विस्तार से रखते हुए सफाई व्यवस्था,जलभराव,टूटी सड़कों,स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।बैठक में गौरव स्वरूप ने भी गंभीरता दिखाते हुए अपने प्रतिनिधि को सभी समस्याएं नोट करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा और एक महीने के भीतर सुधार की दिशा में ठोस पहल दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि शहर का विकास किसी एक व्यक्ति या पार्टी के बस की बात नहीं बल्कि सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।मुलाकात के बाद सुमित खेड़ा ने इसे सकारात्मक और आवश्यक पहल बताते हुए कहा कि विरोध की राजनीति से आम जनता को कोई लाभ नहीं होता।उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग मिलकर शहर के विकास के लिए काम करें।साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इस तरह की बैठकों को जारी रखने की बात कही, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शहर की राजनीति में यह बदलाव एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है।यदि विभिन्न धड़ों में बंटी राजनीति विकास के मुद्दों पर एकजुट होती है तो इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।
