सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित यात्रा सरकार का संकल्प- मुख्यमंत्री
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारम्भ किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा-आस्था,साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है।यह यात्रा हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है।उन्होंने कहा सरकार का संकल्प है कि यात्रा सुगम,सुरक्षित,सुव्यवस्थित और दिव्य हो।चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।मुख्यमंत्री ने कहा माँ गंगा के आशीर्वाद से यात्रा हर साल नया कीर्तिमान रच रही है।उन्होंने कहा राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए दृढ़ संकल्पित है,वे स्वयं लगातार यात्रा की तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।सरकार का लक्ष्य,हर श्रद्धालु को सुरक्षा,सम्मान और दिव्य अनुभव प्रदान कराना है।हर श्रद्धालु देवभूमि में बिताए गए पलों की स्वर्णिम स्मृतियाँ अपने साथ लेकर जाएंगे । मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों एवं यात्रा मार्ग में विशेष स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया है।उन्होंने कहा उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास है, इस पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा जैसे हम अपने घर के मंदिर को साफ और पवित्र रखते हैं,वैसे ही देवभूमि को भी स्वच्छ और पवित्र बनाए रखना है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य गतिमान हैं।गंगोत्री,यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में भी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा ऑल वेदर रोड परियोजना के अंतर्गत यात्रा मार्गों को सुगम बनाया गया है।उन्होंने कहा चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है।इसलिए यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों, रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।उन्होंने यात्रियों से अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का भी आवाहन किया।कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार,यात्रियों की सुविधा,सुगमता और स्वास्थ्य को लेकर पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है।उन्होंने यात्रियों से निवेदन करते हुए कहा कि सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी का अवलोकन अवश्य करें।आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य जांच करने के बाद ही यात्रा में आए। उन्होंने बताया केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो गया है।बद्रीनाथ में 50बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा।यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई है।कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि परिवहन विभाग लगातार आगामी यात्रा की तैयारी कर रहा है।हमारा कर्तव्य है कि प्रदेश में आने वाले हर श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित हो।उन्होंने बताया इस वर्ष यात्रा मार्ग में सिंगल लेन सड़कों, लैंडस्लाइड जोन,जैसे स्थानों पर शटल सर्विस की शुरुवात की गई है।इसके साथ मूवेबल शटल सर्विस के लिए हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध करवाया जाएगा।विभिन्न स्थानों पर एल.ई.डी लगाकर लोगों को जानकारियां दी जाएंगी।इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान,अध्यक्ष हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट नरेंद्रजीत बिंद्रा,भास्करानंद भारद्वाज,जितेंद्र नेगी, अजय सिंह,मनोज ध्यानी,संजय शास्त्री,भोपाल सिंह नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
