हरिद्वार। भारत सरकार द्वारा आयोजित की जा रही ‘जनगणना-2027’ के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण और मकानों की गणना) के सफल संचालन हेतु,बीएचईएल स्थित मानव संसाधन विकास केंद्र में,तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, महाप्रबंधक/टाउनशिप प्रशासक एवं चार्ज अधिकारी,आईटीएस बीएचईएल संजय पंवार ने,दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।श्री पंवार ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय दायित्व एवं गौरव का विषय है।उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा,जिसके लिए बीएचईएल आईटीएस क्षेत्र को 10सेक्टरों तथा 43हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में बांटा गया है।प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य सरकार द्वारा नामित फील्ड ट्रेनर के रूप में राजकीय प्राथमिक विद्यालय,नगर निगम के सहायक शिक्षक रवि कुमार गोस्वामी एवं शिवा अग्रवाल द्वारा,प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 19अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा,जिसमें कुल 53 गणनाकर्ता एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल उपकरणों के उपयोग,डेटा संकलन की प्रक्रिया,घर-घर सर्वेक्षण की विधि तथा सटीक जानकारी एकत्र करने के संबंध में,सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करें,ताकि जनगणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।इस अवसर पर एचआरडीसी प्रभारी हरीश सिंह बगवार सहित बीएचईएल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
