सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने टोल प्लाजा सरसावा से अवैध वसूली के मुकदमें में किसान संगठन के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,000 रूपये की नकदी बरामद कर उनका चालान काटकर जेल भेज दिया है।
थाना सरसावा प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत् 25 मार्च वादी शोएब पुत्र आरिफ निवासी ग्राम बधुपुरा थाना कैराना जिला शामली (मैनेजर सरसावा टोल प्लाजा) की तहरीर पर आरोपियों अरविन्द पवांर, सुमित पवांर, जयवीर, निक्कू, योगेन्द्र व अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एक राय होकर सरसावा टोल प्लाजा अम्बाला-देहरादून रोड के आफिस मे जाकर अपनी गाडियो को टोल फ्री कर गाडी निकालने, जान से मारने की धमकी देते हुए 10,000 रुपये हफ्ता वसूली करने तथा गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देकर अपनी गाडी सार्वजनिक मार्ग पर लगाकर मार्ग अवरुद्ध करने आदि की सूचना के सम्बन्ध थाना सरसावा पर विभिन्न धाराओ में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
श्री शर्मा ने बताया कि आज उनके व उपनिरीक्षक सौरभ यादव, देवकरन, महेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमें में त्वरित कार्यवाही करते हुए पांच वांछित आरोपियों अरविन्द पवांर पुत्र रमेश पवांर निवासी ग्राम सढोली हरिया थाना कोतवाली देहात, सुमित पवांर पुत्र रतिराम निवासी जन्धेडा समसपुर थाना रामपुर मनिहारान, जयवीर पुत्र तेजपाल सिंह निवासीग्राम नौरंगपुर थाना रामपुर मनिहारान, निक्कू पुत्र सूरजपाल निवासी सुसाडा थाना झबरेडा जिला हरिद्वार व योगेन्द्र पुत्र नरेश पवांर निवासी ग्राम भांकला थाना रामपुर मनिहारान को टोल प्लाजा सरसावा-देहरादून अम्बाला रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,000 रूपये की नकदी बरामद कर उनका चालान काटकर जेल भेज दिया।
