सहारनपुर। आईटीसी के बहुउद्देशीय सभागार में आज नगर निगम के सहयोग से आईटीसी जनप्रभाव उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। नगरायुक्त शिपू गिरि ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ करते हुए कहा कि सहारनपुर और आईटीसी का सम्बंध काफी पुराना रहा है। शहर के विकास के लिए आईटीसी ने काफी योगदान दिया है।

नगरायुक्त ने कहा कि आईटीसी द्वारा नगर निगम के साथ डोर टू डोर कूड़़ा कलेक्षन का जो मॉडल विकसित किया गया है, वह अनेक निगमों के लिए अनुकरणीय है और उसकी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण में सहारनपुर का जो अच्छा प्रदर्शन रहा है उसमें आईटीसी का योगदान सराहनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी अप्रैल माह में स्वच्छता सर्वेक्षण में भी आईटीसी का इसी प्रकार सक्रिय सहयोग रहेगा।

समारोह में आईटीसी ने अपने सीएसआर कार्यक्रमों के अंतर्गत किये जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों को आकर्षक स्टाल के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसमें उन्नत खेती के माध्यम से स्मार्ट विलेज, मातृ एवं शिशु स्वास्थय परीक्षण, स्किल डवलपमेंट, व उन बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ना जिन्होंने किसी कारण स्कूल जाना छोड़ दिया है, आदि का प्रदर्शन किया। साथ ही लोगों को नवाचार, आजीविका, स्वच्छता, पर्यावरण एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गयी।

आईटीसी के मानव संसाधन प्रमुख वी. त्रिनाथ व गिरिराज शाह ने कहा कि यह आयोजन न केवल आईटीसी के सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के प्रति समर्पण को दर्शाता है अपितु समाज में सकारात्मक बदलाव और जनजागरुकता लाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल भी साबित हुआ है। कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विनोद कुमार मीणा व सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे। संचालन मयंक पाण्डेय ने किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *