नई दिल्ली ,22  फरवरी । दिल्ली पुलिस ने देश को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए तमिलनाडु से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ये संदिग्ध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई  और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों के इशारे पर भारत में एक बड़े हमले की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जवल के रूप में हुई है। ये सभी असामाजिक और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में गहराई से लिप्त पाए गए हैं।
फर्जी पहचान के साथ कपड़ा उद्योग में कर रहे थे काम
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि ये सभी आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर तमिलनाडु में रह रहे थे। इन्होंने फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे और इसी जाली पहचान के सहारे वे स्थानीय कपड़ा उद्योग में काम कर रहे थे ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस ने सटीक खुफिया इनपुट के आधार पर छापेमारी करते हुए दो आरोपियों को उथुकुली से, तीन को पल्लदम से और एक अन्य को तिरुमुरुगनपुंडी क्षेत्र से दबोचा है।
सोशल मीडिया पर फैला रहे थे प्रोपेगेंडा, कई शहरों की रेकी
आरोपी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों का समर्थन करने के लिए सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय थे और लगातार भड़काऊ सामग्री पोस्ट कर रहे थे। पुलिस को शक है कि इन लोगों ने आतंकियों को लॉजिस्टिक और अन्य मदद मुहैया कराने के मकसद से देश के कई प्रमुख शहरों की रेकी भी की थी। इसके अलावा, दिल्ली में ‘फ्री कश्मीरÓ के पोस्टर लगाने में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद, दिल्ली ला रही पुलिस
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इन संदिग्धों के पास से आठ मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल वे सीमा पार बैठे अपने आकाओं से संपर्क साधने और साजिश रचने के लिए कर रहे थे। इन उपकरणों की फोरेंसिक जांच से नेटवर्क के कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है। फिलहाल, दिल्ली पुलिस की टीम सभी छह आरोपियों को ट्रेन के जरिए गहन पूछताछ के लिए दिल्ली ला रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *