सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड में एक शातिर खैर लकड़ी तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 लाख रुपये कीमत की करीब 25 क्विंटल खैर की लकड़ी, अवैध शस्त्र व दो गाडी बरामद की है।थाना मिर्जापुर प्रभारी सूबे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज उनके उपनिरीक्षक सचिन कुमार व अवशेष भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम आज खारा पावर हाउस के पास चैकिंग कर रही थी। इस दौरान 02 गाडी ग्राम रहना जानीपुर की तरफ से आती दिखाई दी।थाना पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किया गया, तो तस्करों द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया तथा जंगल की तरफ भाग गये । थाना पुलिस की जवाबी कार्यवाही में तस्कर मोनिश पुत्र रफीक निवासी ग्राम शेरपुर पैलो थाना मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से 01 देशी तमंचा 315 बोर मय एक खोखा कारतूस 315 बोर मय 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर, दो गाड़ी तथा 25 कुन्तल खैर की लक़डी के छोटे बडे 41 टुकडे बरामद किए गए, जबकि मौके पर शेष अभियुक्त जंगल के रास्ते फरार हो गये। तस्करो ने खैर की लकडी को पुलिस को भ्रमित करने के लिये पत्ता खोभी सब्जी से ढक रखा था। पुलिस ने आरोपी का चालान काटकर जेल भेज दिया।
