इंदौर/महू ,23 जनवरी । इंदौर में दूषित पानी से मौतों के मामले थमे भी नहीं थे कि जिले के महू से भी गंभीर हालात सामने आ गए हैं। गंदा पानी पीने से पीलिया जैसे संक्रमण तेजी से फैल रहे हैं, जिसका सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ा है। पत्ती बाजार और मोती महल क्षेत्र में बीते 10–15 दिनों में दो दर्जन से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नलों से मटमैला और बदबूदार पानी आ रहा है। कई घरों में एक साथ बच्चे बीमार पड़े हैं, जिससे स्कूल और परीक्षाएं तक छूट रही हैं। 12वीं की छात्रा अलीना प्री-बोर्ड परीक्षा नहीं दे सकी, जबकि 9 साल की लक्षिता और 12 साल का गीतांश पीलिया से जूझ रहे हैं। एक ही परिवार के छह बच्चे बीमार बताए जा रहे हैं।
मोती महल इलाके में हालात और चिंताजनक हैं, जहां छोटे बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और एक बुजुर्ग को लिवर संक्रमण के चलते इंदौर रेफर किया गया। रहवासियों का आरोप है कि पेयजल पाइप लाइन गंदे नालों से होकर गुजर रही है और लीकेज के कारण दूषित पानी सप्लाई में मिल रहा है।
मामला सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर सर्वे कर रही हैं। गुरुवार रात विधायक उषा ठाकुर और देर रात कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रभावित इलाकों और अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की। कलेक्टर ने बेहतर इलाज, वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था और लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। महू में सामने आए इस मामले ने एक बार फिर जल आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
