डा० एम ए तोमर मुजफ्फरनगर। ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री डा० सोमेंद्र तोमर ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक कर पूर्व में हुई बैठकों के बाद विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।बैठक में लोक निर्माण,नगर पालिका,परिवहन,स्वास्थ्य,कृषि,विद्युत,सिंचाई, शिक्षा,गन्ना,विकास प्राधिकरण सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की प्रगति से अवगत कराया।लोक निर्माण विभाग ने बताया कि सड़क संरक्षण कार्य ए-ग्रेड में है, जबकि नई सड़कों का निर्माण बी-ग्रेड में किया जा रहा है।नए प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं और कार्य प्रगति पर हैं।इस पर मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।नगर पालिका इओ ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चल रहा है।ठंड को देखते हुए एक स्थायी और दो अस्थायी रेन बसेरे बनाए गए हैं,जिनमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।शहर के चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है।मंत्री ने निर्देश दिए कि रेन बसेरों में सभी व्यवस्थाएं बनी रहें और कोई भी व्यक्ति रात में खुले में न सोए।परिवहन विभाग को सड़क किनारे चार पहिया वाहन खड़े न होने देने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि 29 वाहनों के चालान किए गए हैं जिनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं ए-ग्रेड में संचालित हो रही हैं तथा जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत भुगतान नियमित किया जा रहा है।जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सा सुविधाएं व दवाएं उपलब्ध हैं।विद्युत विभाग ने बताया कि विद्युत आपूर्ति नियमानुसार की जा रही है और खराब ट्रांसफार्मर समय पर बदले जा रहे हैं।मंत्री ने बिजली आपूर्ति सुचारू रखने और ट्रांसफार्मर व तेल चोरी पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए।सिंचाई विभाग को नहरों की टेल तक सफाई सुनिश्चित करने,विकास प्राधिकरण को टाउनशिप के लिए भूमि चिन्हित करने और गन्ना विभाग को किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान करने के निर्देश दिए गए।मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डा० वीरपाल निर्मल, एमएलसी वंदना वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी,एसएसपी संजय कुमार वर्मा,सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण,विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना,एडीएम संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।