चंडीगढ़ ,21 दिसंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के भूमिहीन और जरूरतमंद परिवारों को जल्द ही 100-100 गज के भूखंड आवंटित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि लगभग सात हजार ऐसे भूखंडधारकों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़कर मकान निर्माण के लिए निर्धारित राशि भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव प्रलाहदपुर, बदरपुर और बणी में आयोजित धन्यवाद एवं जनसंवाद कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिये। उन्होंने तीनों गांवों में विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपये देने की घोषणा की। प्रलाहदपुर गांव में पेयजल पाइपलाइन के लिए 47.46 लाख रुपये और सामुदायिक हॉल निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की गयी। बदरपुर गांव में पेयजल पाइपलाइन के लिए 43.31 लाख रुपये स्वीकृत किये गये, जबकि गांव बणी में रखी गयी सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत अब तक 15,500 परिवारों को 30 गज के भूखंड दिये जा चुके हैं और जल्द ही दूसरी किस्त में पात्र लोगों को भूखंड आवंटित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गयी हैं। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सभी 24 फसलों पर एमएसपी, किडनी मरीजों के लिए मुफ्त डायलिसिस, 1.80 लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर और महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *