डा० एम ए तोमर
मुज़फ़्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने आज शाहपुर ब्लॉक से लेकर जिला चिकित्सालय और महिला चिकित्सालय तक कई स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।सीएमओ ने शाहपुर ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरबालियान,गोयला एवं सौहजनी तागान में उपलब्ध सुविधाओं,औषधियों,ओपीडी व्यवस्था,टीकाकरण रिकॉर्ड,मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा विविध स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने स्टाफ को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ देने,समय से ओपीडी संचालन,दवाओं की उपलब्धता व सभी रजिस्टरों के नियमित संधारण के निर्देश दिए।इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला चिकित्सालय का व्यापक निरीक्षण किया।उन्होंने नेत्र विभाग,आईसीयू,हार्ट यूनिट और डायलिसिस यूनिट में मशीनों की कार्यक्षमता,गंभीर मरीजों को उपचार,स्वच्छता व चिकित्सीय सुविधाओं की उपलब्धता की गहन समीक्षा की।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जीवन रक्षक उपकरण पूर्ण क्षमता से कार्यरत रहें और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिला महिला चिकित्सालय के रैन बसेरा में भी सीएमओ ने व्यवस्थाएँ जांचीं और मातृ-शिशु सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *