हरिद्वार। दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद तीर्थनगरी में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नज़र आ रहा है। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने व नगर में शांति बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा जनपद के कई क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। जबकि पुलिस टीम द्वारा हर की पैड़ी क्षेत्र में भी लगातार चैंकिंग अभियान चलाया गया। वही मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च मंगलौर नगर के विभिन्न इलाकों चौकी क्षेत्र से शुरू होकर मोहल्ला मलकपुरा,हैदरी चौक,मैन बाज़ार,मोहल्ला किला,लालबड़ा सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों से होकर गुज़रा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।मंगलौर सीओ विवेक कुमार ने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट की घटना के बाद सभी जांच एजेंसियां और पुलिस बल अलर्ट मोड पर हैं। इसी क्रम में आज यह फ्लैग मार्च निकाला गया ताकि जनता में सुरक्षा का संदेश पहुंचे और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने से पहले ही माहौल शांत रहे।पुलिस हर परिस्थिति पर पूरी नज़र रखे हुए है। पुलिस द्वारा शहरी क्षेत्रों में भी गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
