सीएचसी का निरीक्षण कर दिए दिशा-निर्देश,मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया जागरूक
डाo एम ए तोमर
मुज़फ्फरनगर।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने गुरुवार को तहसील सदर क्षेत्र के विकासखंड बघरा में महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया।उन्होंने महिलाओं की उत्पीड़न संबंधी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता और नियमों के अनुसार किया जाए, किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।जनसुनवाई से पूर्व सपना कश्यप ने विकासखंड बघरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक दवाइयां समय से उपलब्ध रहें,कोई दवा बाहर की न लिखी जाए, और गर्भवती महिलाओं का प्रसव सीएचसी में ही कराया जाए। साथ ही साफ-सफाई एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कार्यक्रम में भाग लेकर पोषण पोटली का वितरण किया और छह माह के शिशुओं को अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की उन आशाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जिन्होंने वर्ष 2025 के संभव अभियान एवं आठवें पोषण माह में उत्कृष्ट कार्य किया।मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।इस दौरान डॉयल 112, हेल्पलाइन 181,विमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098,सीएम हेल्पलाइन 1076, वन स्टॉप सेंटर 181,स्वास्थ्य सेवा 102,एंबुलेंस सेवा 108 आदि से संबंधित जानकारी पंपलेट और जनसंवाद के माध्यम से दी गई।साथ ही महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना,बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ,आयुष्मान भारत और महिला शक्ति केंद्र योजना जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार,बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष शर्मा,सीओ फुगाना रूपाली राय,खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाo दिव्या वर्मा,महिला थाना प्रभारी संगीता डागर चौधरी,नायब तहसीलदार एवं समाज कल्याण विभाग के एडीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डाo राजीव कुमार ने किया।
