सहारनपुर से लखनऊ तक वंदे भारत केवल आठ घंटे में पहुंचाएगी। इसका उद्घाटन आठ नवंबर को किया जाएगा। इस ट्रेन के चलने से जिले के लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। सहारनपुर-लखनऊ वंदेभारत एक्सप्रेस के उद्घाटन को लेकर बना संशय अब खत्म हो गया है। आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। हालांकि, अभी नियमित संचालन की तारीख तय नहीं हुई है। रेलवे अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
देहरादून-आनंद विहार वंदेभारत एक्सप्रेस का सहारनपुर होते हुए पहले से संचालन किया जा रहा है। यह वंदेभारत हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ होते हुए आनंद विहार जाती है। अब ट्रेन नंबर 26503-04 सहारनपुर-लखनऊ के बीच वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन होगा। सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन दौड़ेगी। पहले इस ट्रेन का उद्घाटन सात नवंबर को होना था, लेकिन अब आठ नवंबर को करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। वंदेभारत के नियमित संचालन की तारीख अभी सामने नहीं आई है। अब तक सहारनपुर से लखनऊ जाने वालों को लंबा सफर तय करना पड़ता था। वंदेभारत के शुरू होने से यह दूरी न केवल कम होगी, बल्कि सफर भी कहीं अधिक आरामदायक, सुरक्षित हो जाएगा। वंदेभारत सहारनपुर से लखनऊ आठ घंटे में पहुंचाएगी। लखनऊ से सहारनपुर 7:45 घंटे में पहुंचेगी। सहारनपुर में 2:15 घंटे खड़ी रहेगी।
ये रहेगी समयसारिणी
– लखनऊ से सुबह पांच बजे चलकर 5:55 बजे सीतापुर, 7:10 बजे शाहजहांपुर, 8:08 बजे बरेली, 9:27 बजे मुरादाबाद, 10:45 बजे नजीबाबाद, 11:40 बजे रुड़की और दोपहर 12:45 बजे सहारनपुर आएगी।
– वापसी में सहारनपुर से दोपहर तीन बजे चलेगी। 3:35 बजे रुड़की, 4:40 बजे नजीबाबाद, शाम 6:10 बजे मुरादाबाद, 7:33 बजे बरेली, 8:38 बजे शाहजहांपुर, 9:50 बजे सीतापुर और रात 11 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
