सर्वखाप की प्रक्रिया का नहीं हुआ पालन :–चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक गठवाला खाप
डाo एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना।शनिवार को निरीक्षण भवन बुढ़ाना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक ने सौरम में 16 नवंबर से होने वाली तथाकथित सर्वखाप पंचायत को अवैधानिक बताते हुए उसका बहिष्कार करने की घोषणा की।उन्होंने कहा कि यह पंचायत सर्वखाप पंचायत नहीं है क्योंकि इसके आयोजन की निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।राजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि दो माह पूर्व राकेश बालियान के एक बयान से इस पंचायत की जानकारी मिली थी, जिसके विरोध में गठवाला खाप ने सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी लेकिन मंत्री द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया।उन्होंने कहा कि सर्वखाप पंचायत तभी वैध मानी जाती है जब इसे सर्वखाप मंत्री द्वारा किसी खाप चौधरी के अनुरोध पर बुलाया जाए परंतु इस आयोजन में न तो कोई प्रस्ताव सर्वखाप मंत्री को भेजा गया और न ही अन्य खापों से राय ली गई।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपने व्यक्तिगत स्वार्थों की पूर्ति के लिए सर्वखाप का नाम उपयोग कर रहे हैं, जिससे इसकी गरिमा और अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।गठवाला खाप चौधरी ने कहा कि जो व्यक्ति विवाह में गाड़ी की जगह ट्रैक्टर लेने की सलाह देता है वह समाज सुधार की बात कैसे कर सकता है।बाबा ईश्वर सिंह (खरड़), आजाद मलिक (पूरामहादेव) व बाबा श्याम सिंह मलिक (बहावड़ी) ने भी इस आयोजन को समाज हित के विपरीत बताते हुए कहा कि इससे एकता नहीं बल्कि विभाजन बढ़ेगा।सभी चौधरियों ने सर्वसम्मति से सोरम में प्रस्तावित पंचायत के बहिष्कार का निर्णय लिया।संवाददाता सम्मेलन में रविंद्र चौधरी (उज्ज्वल खाप),तेजपाल वर्मा (स्वर्णकार खाप),अजय चौधरी (हरिजन खाप),रामकुमार शर्मा (ब्राह्मण खाप) और धर्मेंद्र चौधरी (बैरागी खाप) ने गठवाला खाप के रुख का समर्थन किया।
