अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
भीमताल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत कैबिनेट मंत्री एवं जनपद नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास ने विकासखंड भीमताल सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होने प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल से देशभर के किसानों के लिए डीबीटी के माध्यम से जारी की गई किसान सम्मान निधि की किस्त का वर्चुअल माध्यम से प्रसारण को सुना।इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास ने घोषणा की कि आश्रम पद्धति विद्यालय बेतालघाट तथा ख़न्शयू को हाईस्कूल से उच्चीकृत कर इंटरमीडिएट तक किया जाएगा।उन्होंने मार्गदर्शित करते हुए कहा कि अधिकारी व जनप्रतिनिधि एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और हम सभी का ध्येय जनता की सेवा करना है।उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो कि एक-दूसरे के सम्मान को ठेस पहुँचे।उन्होंने कहा कि किसी विषय पर आपस में मतभेद तो हो सकता है लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए।उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्र की पात्र जनता तक पहुंचाया जाए।उन्होंने कहा कि जन जन की सरकार जन जन के द्वार के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 6.71लाख लोगों से संपर्क किया है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए सजग हैं,आज उनके नेतृत्व में उत्तराखंड का बजट 1.11लाख करोड़ रुपए का हो गया है। उन्होंने कहा कि संविधान में व्यवस्था के बावजूद कोई भी राज्य समान नागरिक संहिता लागू नहीं कर पाया था,लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला राज्य बन गया है जिसका अनुसरण अन्य राज्य कर रहे हैं।इस दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह केड़ा ने प्रत्येक क्षेत्र पंचायतों व ग्राम पंचायतों हेतु दस-दस सोलर लाइटें विधायक निधि से देने की घोषणा की तथा चल रहे व प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।जनपद प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम में अनुपस्थित सिंचाई विभाग, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता तथा जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।उन्होंने नौकुचियातल,सात ताल एवम् भीमताल के जनप्रतिनिधियों की समस्या सुनते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि यातायात हेतु ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों को दिक्कत न हो,व्यापार और यातायात कोई भी प्रभावित न हो,दोनों ही समानांतर चलते रहें।यदि पार्किंग की समस्या हो तो रोड पर दोनों साइड वाहन पार्क न हों।उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण से संबंधित समस्या सुनते हुए निर्देश दिए कि यदि कोई अवैध निर्माण कार्य हो रहा है तो उसे शुरुआत में ही सीज किया जाए तथा कार्य के अंतिम चरण में नोटिस देना उचित नहीं है।उन्होंने अवैध शराब की बिक्री से सम्बन्धित समस्या पर आबकारी तथा पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से छापेमारी करने के निर्देश दिए।उन्होंने भवाली तथा भीमताल में सीवर लाइन निर्माण हेतु तेजी से कार्य करने के निर्देश संबंधित विभाग के अभियंताओं को दिए।कैबिनेट मंत्री राम सिंह केड़ा ने झीलों में जमी सिल्ट की समस्या का संज्ञान लेते हुए कहा कि सिंचाई विभाग एनओसी देता है तो झीलों की डिसिल्टिंग का कार्य नगर पालिकाओं के माध्यम से कराया जाएगा।इस दौरान तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।चिकित्सा,समाज कल्याण,उद्यान,पशुपालन, कृषि,बाल विकास,राजस्व आदि विभागों द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभांवित किया गया।इस दौरान नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि मंत्री जी द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।इस दौरान विधायक सरिता आर्य, ब्लॉक प्रमुख डॉ.हरीश बिष्ट,दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य,भावना मेहरा,देवेंद्र सिंह ढेला, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल,एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी,मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार,सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी आदि उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *