अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत थाना बड़गांव पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई हिंसक मुठभेड़ में 25,000 रुपये का इनामी और शातिर गोकश गय्यूर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जंगलों में कॉम्बिंग कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहारनपुर के निर्देशन में बड़गांव पुलिस टीम जब सर्विस रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी ग्राम शिमलाना की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाश हड़बड़ाहट में बाइक मोड़कर भागने लगे और इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को पुलिस के नजदीक आता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी। पुलिस ने भी अदम्य साहस दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी और वह वहीं गिर गया।
पकड़े गए घायल बदमाश की पहचान गय्यूर पुत्र सज्जाद (निवासी ग्राम सोहनचिडा, थाना नागल) के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त गय्यूर एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर पहले से ही गोकशी, चोरी, गैंगस्टर और हत्या के प्रयास जैसे 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना बड़गांव में गोवध अधिनियम के एक मामले में काफी समय से वांछित चल रहा था, जिसके चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने मौके से अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा, तीन जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *