अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर पुलिस महकमे से इस वक्त की एक बेहद सकारात्मक और महत्वपूर्ण खबर सामने आ है। कानून व्यवस्था के साथ-साथ अब पुलिसकर्मियों की सेहत को दुरुस्त रखने के लिए रिजर्व पुलिस लाइंस सहारनपुर में एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को “आहार की पाठशाला – स्वस्थ पुलिस वाला” नाम दिया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य पुलिस विभाग के जवानों और उनके परिजनों को भीषण गर्मी और व्यस्त दिनचर्या के बीच सेहतमंद रहने के तौर-तरीके सिखाना था।
इस सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम रविकांत पाराशर और प्रतिसार निरीक्षक वीरेंद्र सिंह बहादुर स्टाफ सहित मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वरिष्ठ कंसलटेंट डायटीशियन सुश्री आयुषी अग्रवाल शर्मा रहीं, जिन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एक बेहद जरूरी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर व्यस्त ड्यूटी शेड्यूल के कारण पुलिसकर्मियों को समय पर घर का भोजन नहीं मिल पाता, जिससे वे चाय-बिस्कुट, तला-भुना या जंक फूड खाने के आदी हो जाते हैं। डायटीशियन ने आगाह किया कि लंबे समय में यही आदतें आगे चलकर हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा, फैटी लीवर और दिल की बीमारियों का बड़ा कारण बनती हैं।
चूंकि इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप है, इसलिए सेमिनार में ‘हीट स्ट्रोक’ यानी लू से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। एक्सपर्ट्स ने बताया कि तेज सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी, घबराहट, अचानक पसीना बंद होना और शरीर का तापमान बढ़ना हीट स्ट्रोक के मुख्य लक्षण हैं। ऐसी स्थिति होने पर तुरंत किसी छायादार या ठंडी जगह पर जाने, पानी या ओआरएस (ORS) का घोल लेने और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को रोजाना की जिंदगी के लिए कुछ बेहद व्यावहारिक और आसान सुझाव भी दिए गए, जैसे सुबह की शुरुआत गुनगुने पानी से करना, नाश्ता कभी न छोड़ना, भोजन में हरी सब्जियां और मौसमी फल शामिल करना, ड्यूटी के दौरान ओआरएस और काला नमक साथ रखना, तथा छाछ, सत्तू, नारियल पानी और नींबू पानी जैसे देसी और हेल्दी विकल्पों को अपनाना। साथ ही दिन में कम से कम 20 से 30 मिनट वॉक या एक्सरसाइज करने और रात में भीगे हुए बादाम व अखरोट खाने की सलाह दी गई। इस उपयोगी सेमिनार का कुशल संचालन अलीशा कपूर और सोनिया कपूर द्वारा किया गया, जिसमें विशेष रूप से विनोद कुमार (इंचार्ज), सोनिया और भारी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों तथा उनके परिजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *