डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।बैठक में अधिकारियों ने बकरीद का पर्व शांति,सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी नई परंपरा शुरू करने का प्रयास न किया जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए तथा कुर्बानी खुले स्थानों पर करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही की जाए ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि मुजफ्फरनगर आपसी सहयोग और भाईचारे के लिए जाना जाता है और यह परंपरा आगे भी कायम रहनी चाहिए।उन्होंने निर्देश दिए कि कुर्बानी के अवशेष इधर-उधर न फेंके जाएं और रक्त को नालियों में प्रवाहित करने के बजाय गड्ढा खोदकर दबाया जाए।उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत प्रशासन एवं पुलिस को देने की अपील की।उन्होंने नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बकरीद से एक दिन पहले सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।साथ ही पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।विद्युत विभाग को भी त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।मस्जिदों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत और सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि ईद की नमाज ईदगाह अथवा मस्जिद परिसर में ही अदा की जाए और सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल एवं सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी।बैठक में धर्मगुरुओं ने भी अपने सुझाव दिए और प्रशासन को आश्वस्त किया कि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह,नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, पुलिस अधीक्षक नगर अमित जैन,पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक,उप जिलाधिकारी,क्षेत्राधिकारी,पीस कमेटी के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
