हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से रोको-टोको अभियान की शुरुआत की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत नगर निगम की टीम घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही है।उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी,सैनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा आर्यनगर वार्ड में पहुंचे।यहां उन्होंने स्थानीय पार्षद सपना शर्मा के साथ मिलकर लोगों से संपर्क किया और उन्हें गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए दो डस्टबिन के उपयोग के लिए प्रेरित किया ।अभियान के दौरान उन लोगों को विशेष रूप से जागरूक किया गया जो घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले पर्यावरण मित्र को समय पर कचरा नहीं देते हैं।ऐसे नागरिकों को गुलाब का फूल देकर जागरूकता का संदेश दिया गया।वहीं,नियमित रूप से नियमों का पालन करने वाले लोगों को भी सराहा गया।उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होंने कहा कि कई बार नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भी लगाया जाता है,लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों का पालन नहीं करते हैं।इसी को ध्यान में रखते हुए रोको-टोको अभियान शुरू किया गया है, ताकि लोगों को सीधे संवाद के माध्यम से जागरूक किया जा सके।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे गीला कचरा हरे डस्टबिन और सूखा कचरा नीले डस्टबिन में रखें।साथ ही डायपर जैसे जैविक कचरे को अलग थैले में डालकर ही पर्यावरण मित्र को सौंपें ।नगर निगम द्वारा शहर के कई कूड़ा स्थलों को सेल्फी प्वाइंट में परिवर्तित किया गया है,लेकिन अधिकारियों का मानना है कि बिना जनसहयोग के स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त करना संभव नहीं है।नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में बेहतर प्रदर्शन के लिए भी नागरिकों से बढ़-चढ़कर फीडबैक देने की अपील की है।अभियान शहर के सभी 60वार्डों में लगातार चलाया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *