हरिद्वार। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी गतिमान कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी ।उन्होंने कुंभ मेला के लिए की जाने वाली अस्थायी व्यवस्थाओं से जुड़े सभी कार्यों के आगणन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आगणन सही,तर्कसंगत एवं औचित्यपूर्ण होना चाहिए।वर्ष 2021 के कुंभ मेला की अवशेष सामग्री का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में अनावश्यक दोहराव न हो और केवल आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए ही प्रावधान रखा जाए।मेलाधिकारी ने कहा कि मेला से जुड़े कार्यों की प्रगति की सघन समीक्षा के लिए प्रत्येक पखवाड़े में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यदायी संस्थाओं के अधीक्षण अभियंता या अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग कर प्रगति का ब्यौरा देंगे।उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निरंतर निगरानी करें।अपर मेलाधिकारी एवं उप मेलाधिकारी को भी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर विभागों के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।मेलाधिकारी ने कार्यस्थलों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों को निरंतर सुचारू बनाए रखने तथा श्रमिकों की दैनिक उपस्थिति और कार्य प्रगति की रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।गुणवत्ता नियंत्रण के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं एवं मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसियों से नियमित जांच भी कराई जाए।इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सीसीआर-2 भवन के निर्माण कार्य को गति देने के लिए दो पालियों में कार्य कराने के निर्देश देते हुए मेलाधिकारी ने कहा कि बड़ी अवस्थापना परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए और निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन किया जाए।बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती,उपमेलाधिकारी आकाश जोशी,मनजीत सिंह गिल,टेक्निकल सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार,अनुभव नौटियाल,पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *