सहारनपुर। प्रथम शुआई जिआओ राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 में जनपद के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर कई पदक जीतकर जनपद समेत प्रदेश का नाम रोशन किया।
गौरतलब रहे कि 20 से 22 फरवरी तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में आयोजित प्रथम शुआई जिआओ राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में सहारनपुर के खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन शुआई जिआओ एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. विष्णु सहाय के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक रहे। विशेष अतिथि के रूप में वर्ल्ड शुआई जिआओ फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट ग्रैंड मास्टर एनटोनिया, एवं मास्टर एलसियों उपस्थित रहे। दोनों अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में पूरी प्रतियोगिता उच्च तकनीकी स्तर पर संपन्न हुई, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय तकनीकों को सीखने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता के सब-जूनियर बालिका वर्ग में अक्षिता सैनी ने स्वर्ण पदक, दिशा पुंडीर ने स्वर्ण पदक, विधि, नव्या, ध्रुविका ने रजत पदक, जूनियर बालिका वर्ग में मिराल ने रजत पदक, सीनियर बालिका वर्ग में यवंतिका ने स्वर्ण पदक, सब-जूनियर बालक वर्ग में उद्भव धींगरा, उर्जित पंवार, मयंक ने स्वर्ण पदक,अन्वय सिंह, इशिता अर्चना, आरव शर्मा, द्रोण चौधरी , अर्नव कुमार ने रजत पदक, आर्यन मक्कड़, चैतन्य कर्णवाल ने कांस्य पदक जीता। इसके अलावा जूनियर बालक वर्ग में जयंत गोयल, आशीष चौहान ने स्वर्ण पदक, वंश चौधरी ने रजत पदक, सीनियर बालक वर्ग में अंशुल माथुर ने स्वर्ण पदक, शिवम तोमर ने स्वर्ण पदक, लविश कुमार ने कांस्य पदक जीता।
इस राष्ट्रीय चौम्पियनशिप में सहारनपुर से पहली बार सुषमा, पुनीत, पियूष, पुष्पेंद्र, हर्षित बिंदल, विभा एवं श्रुति गोयल ने रेफरी के रूप में भाग लिया। विशेष रूप से श्रुति गोयल को बेस्ट रेफरी अवार्ड से सम्मानित किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विष्णु सहाय एवं महासचिव प्रमोद तिवारी ने सभी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए  भविष्य में और अधिक मेहनत कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *