नई दिल्ली ,16 जनवरी । ईरान में पिछले 15 दिनों से जारी हिंसा और व्यापक विरोध प्रदर्शनों के चलते हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं। सुरक्षा स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिसे देखते हुए भारत सरकार ईरान में फंसे अपने नागरिकों को निकालने की तैयारी में जुट गई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए शुक्रवार से विशेष अभियान शुरू किया जा सकता है।
सूत्रों का कहना है कि विदेश मंत्रालय (रूश्व्र) ईरान की मौजूदा अस्थिर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और उन भारतीय नागरिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने की योजना पर काम कर रहा है, जो भारत लौटना चाहते हैं।
15 दिनों से हिंसा और अशांति का दौर
ईरान में पिछले पखवाड़े से विरोध प्रदर्शनों और हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, सुरक्षा हालात अब भयावह स्तर तक पहुंच चुके हैं। इसका सीधा असर वहां रह रहे विदेशी नागरिकों पर भी पड़ा है, विशेषकर भारतीय छात्रों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने निकासी योजना को प्राथमिकता के आधार पर अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
विदेश मंत्रालय की तैयारियां
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों का डेटा एकत्र करने, उनकी लोकेशन और स्थिति की जानकारी जुटाने के साथ-साथ लॉजिस्टिक व्यवस्था पर काम कर रहा है। जिन भारतीय नागरिकों ने मौजूदा हालात के चलते भारत लौटने की इच्छा जताई है, उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
कैसे शुरू हुआ संकट?
ईरान में मौजूदा संकट की शुरुआत ईरानी मुद्रा ‘रियालÓ में भारी गिरावट के बाद हुई थी। आर्थिक दबाव से उपजा असंतोष धीरे-धीरे एक बड़े राजनीतिक आंदोलन में बदल गया, जो अब देश के सभी 31 प्रांतों में फैल चुका है। मानवाधिकार संगठनों के दावों के मुताबिक, सुरक्षा बलों की कार्रवाई में अब तक 3,400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हालात लगातार और गंभीर होते जा रहे हैं।
संचार बाधित, दूतावास के अधिकारी मैदान में
ईरान में फिलहाल इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं और टेलीफोन नेटवर्क भी रुक-रुक कर काम कर रहा है। इस संचार अवरोध के चलते तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारी खुद विभिन्न इलाकों में जाकर भारतीय छात्रों और अन्य नागरिकों से संपर्क कर रहे हैं, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भारतीय दूतावास की सख्त एडवाइजरी
बुधवार को भारतीय दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी थी। सोशल मीडिया पर जारी एडवाइजरी में कहा गया कि छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटक वाणिज्यिक उड़ानों सहित उपलब्ध किसी भी साधन से ईरान छोड़ें।
 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *