हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी सोनिका ने मेला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य समय पर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।मेलाधिकारी ने सड़कों,पुलों,घाटों और अन्य अवस्थापना विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल,सीवर लाइन और भूमिगत केबलिंग के कारण खराब हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत के आदेश दिए।कहा कि मरम्मत ऐसी हो कि दोबारा सड़क धंसने की नौबत न आए।मरम्मत की गुणवत्ता का लिखित प्रमाण पत्र भी संबंधित विभागों को देना होगा। सड़कों के नवीनीकरण से पहले सभी खोदाई वाले कार्य पूरे कर लिए जाएं।मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हरिद्वार में कुंभ संपन्न होने तक सीवरेज का कोई नया काम शुरू न किया जाए।चारधाम यात्रा,कांवड़ यात्रा और बारिश के कारण रुके पड़े कार्यों को तुरंत पूरा कर सड़कों को दुरुस्त किया जाए।अग्निशमन के लिए फायर हाइड्रेंट की स्थापना और मरम्मत भी जल्द पूरी करने को कहा।सप्तऋषि क्षेत्र में जलभराव और सीवर समस्याओं के तत्काल समाधान,प्रमुख मार्गों पर रोड फर्नीचर लगाने,रूड़की और मंगलौर बस अड्डों के सुदृढ़ीकरण और अस्थायी बस अड्डों व पार्किंग की व्यवस्था 15दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार,अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती,मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनीष दत्त,उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह,अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट समेत जल निगम,जल संस्थान,सिंचाई,लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *