हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय रोशनाबाद सभागार में माह अगस्त की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई।गोष्ठी में एसपी क्राइम निशा यादव,एसपी देहात अभय सिंह,एसपी सिटी दीपक सिंह सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना /शाखा प्रभारी मौजूद रहे।एसएसपी ने सभी थानों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं और शिकायती प्रार्थना पत्रों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमों में पारदर्शी विवेचना की जाए। क्षेत्राधिकारी थानों में ओआर लेकर लंबित मामलों का गुण-दोष के आधार पर निस्तारण कराएं।60/90दिन की अवधि वाली विवेचनाओं में किसी भी लापरवाही पर कार्रवाई होगी।एसएसपी ने कहा कि मानवाधिकार आयोग और मुख्यालय से आने वाली ऑनलाइन शिकायतों का समय पर निस्तारण हो।थानों में आने वाले आम नागरिकों से मधुर व्यवहार रखा जाए। महिला आगंतुकों की समस्या सुनने के लिए महिला दरोगा या महिला कर्मी की तैनाती सुनिश्चित की जाए। त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों,वित्तीय प्रतिष्ठानों,बैंकों और सर्राफा बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने,सीसीटीवी चालू रखने और रात्रि गश्त को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।सभी थाना प्रभारी शाम के समय क्षेत्र में राउंड पर रहेंगे,जिसकी मॉनिटरिंग एसपी सिटी और एसपी देहात करेंगे।साथ ही पुराने माल मुकदमाती के निस्तारण,अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए सीमावर्ती जिलों से समन्वय और नए थाना भवनों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए कर्मी तैनात करने के भी निर्देश दिए गए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *