पारिवारिक विवाद को सुलझाकर अनीता और विजय को फिर से एक साथ रहने के लिए किया राजी
थाना गंगोह के मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने निभाई सराहनीय भूमिका
गंगोह, सहारनपुर (अजीम अख्तर/दैनिक मानव जगत)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ (द्वितीय चरण) के तहत थाना गंगोह पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। टीम ने संवेदनशीलता और कुशल काउंसलिंग का परिचय देते हुए एक दंपति के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद को सुलझाकर उनके परिवार को टूटने से बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देशों एवं एसएसपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में मिशन शक्ति केंद्र गंगोह की टीम महिला सुरक्षा व परिवार परामर्श दिशा में सक्रियता से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में ग्राम हरनामगढ़ (थाना गंगोह) निवासी अनीता और उनके पति विजय के बीच चल रहे विवाद का मामला सामने आया था।
मिशन शक्ति केंद्र की महिला उपनिरीक्षक खुशबू, महिला कांस्टेबल संगीता और पीआरडी आदेशना ने दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। टीम के सकारात्मक प्रयासों और काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी के बीच जारी मतभेद खत्म हो गए। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से एक साथ सुखपूर्वक वैवाहिक जीवन व्यतीत करने का निर्णय लिया।
विवाद सुलझने पर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने थाना गंगोह पुलिस की इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और आभार व्यक्त किया।
