अजीम अख्तर

सहारनपुर।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई) जनपद सहारनपुर के शिक्षकों ने प्रदेशीय आह्वान पर मंगलवार (28 जुलाई 2026) को अपराह्न 3:00 बजे जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी 21 सूत्रीय प्रदेश स्तरीय समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। धरने की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेन्द्र सिंह पुंडीर ने शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण, व्यवसायीकरण और निजीकरण को देश व समाज के लिए बेहद घातक बताया और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा अधिनियम 1921 के अंतर्गत अधिनियम 1982 की धारा-21 की भांति सेवा सुरक्षा, धारा-12 व 14 की भांति पदोन्नति तथा धारा-18 की भांति प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक पदों पर वेतनमान एवं पदोन्नति के अधिकारों की बहाली के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मंडलीय मंत्री एवं नानौता के प्रधानाचार्य प्रवीण मिश्रा ने शिक्षकों के ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया में एनओसी (NOC), मानव संपदा पोर्टल तथा आवेदन से संबंधित सभी विसंगतियों को अविलंब दूर कर पारदर्शी तरीके से स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई, साथ ही शिक्षा विभाग के कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिलामंत्री अनिल कुमार (प्रधानाचार्य) ने किया, जबकि रामनरेश शर्मा, महँगी के प्रधानाचार्य नरेश चन्द चमोली, ललित मलिक और रामेन्द्र वालिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर जिला संयोजक विनोद कुमार, जिला कोषाध्यक्ष ऋषिपाल, प्रधानाचार्य राजेन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य मनोज पाल, श्री शर्मा, बिशन सिंह, भूपेन्द्र पुंडीर, सोमप्रकाश शर्मा, प्रवीन चौधरी, सुदेश कुमार, प्रमेश जी, अहिबरन सिंह, मनोज सिंह, मुकेश, बासित अली, नूतन प्रकाश, सुभाष चन्द, राजेश मिश्रा, अरशद जावेद, डॉ. हरिओम शरण त्रिपाठी और सुधीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *