–महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली में छठे नवरात्र पर विधि-विधान से हुई मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना
अभिमन्यु वालिया
सहारनपुर। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली में श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित नवरात्र महोत्सव के छठे दिन मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। आचार्य ऋषभ शर्मा ने मंत्रोच्चारण, पूजा-विधि और व्रत विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां भगवती की आराधना कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मां कात्यायनी की महिमा का वर्णन करते हुए स्वामी कालेंद्रानंद जी महाराज ने कहा कि मां कात्यायनी ब्रह्म दर्शन, आध्यात्मिक चेतना और व्यक्तित्व के प्रभाव की अधिष्ठात्री देवी हैं। सच्ची श्रद्धा और नियमित रूप से मां की पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों को उनकी कृपा प्राप्त होती है। मां अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण कर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाती हैं।
महाराज श्री ने कहा कि वृंदावन में गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में प्राप्त करने की कामना से मां कात्यायनी का व्रत और पूजन किया था। मां की आराधना के माध्यम से गोपियों ने अपनी भक्ति को नई ऊंचाई प्रदान की। उनकी भक्ति और समर्पण आज भी श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि मां भगवती कात्यायनी की पूजा से जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति के साथ आत्मिक विकास का मार्ग भी प्रशस्त होता है। मां की कृपा से व्यक्ति के विचारों में सकारात्मकता आती है और उसके व्यक्तित्व में निखार आता है। आध्यात्मिक उन्नति मनुष्य के जीवन को सार्थक बनाने के साथ समाज में उसके प्रभाव को भी बढ़ाती है।
इस अवसर पर रमेश शर्मा, अश्विनी कंबोज, सागर गुप्ता, मनीष गुप्ता, बबीता, सुचेता, मीनाक्षी, रीना, कमल, गीता, स्वदेश, किरण सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
