जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
— तमंचा-कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद
(वीर वालिया)
सहारनपुर। थाना सरसावा की मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम ने रविवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान कृष्णाराम पुत्र सुमारु निवासी अमलोरी बस्ती, थाना नया नगर, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश), हाल निवासी रेलवे स्टेशन के पीछे खाली प्लॉट, सरसावा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

— पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
सहारनपुर। पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम चिलकाना रोड पर ग्राम इब्राहिमी कलरी जाने वाले रास्ते पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर मुड़कर चीनी मिल के पास इब्राहिमी अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसकी बाइक फिसलकर गिर गई।

— पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
सहारनपुर। पुलिस का कहना है कि टीम को नजदीक आता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल सहारनपुर में भर्ती कराया गया।

— दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में था वांछित
सहारनपुर। पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना सरसावा में दर्ज मुकदमा संख्या 329/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 333 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5M/6 के तहत वांछित था। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 330/2026, धारा 109(1) बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

— थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
सहारनपुर। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, महिला उपनिरीक्षक अन्नू परिहार, उपनिरीक्षक देवकरण शर्मा और राजीव शर्मा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *