— 20 से अधिक घायल, हादसे से मौके पर मची चीख-पुकार
–कंटेनर ने ट्रॉली में मारी थी जोरदार टक्कर, 10 फीट दूर तक जा गिरे लोग
— नवरात्रि पर मां शाकंभरी देवी के दर्शन कर मेरठ लौट रहे थे श्रद्धालु
(वीर वालिया)
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मां शाकंभरी देवी के दर्शन कर मेरठ लौट रहे थे। हादसा देवबंद थाना क्षेत्र में हुआ, जहां सड़क किनारे चाय की दुकान पर रुकी श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली को पीछे से आए बेकाबू कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली में बैठे लोग उछलकर करीब 10 फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद चौहान अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेकर बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मुजफ्फरनगर से विधायक संगीत सोम ने भी जिला अस्पताल पहुंच घायलों की कुशलक्षेम पूछी और आलाधिकारियों को घायलों के उचित इलाज को दिशा निर्देश दिए।
— मृतको की यह हुई पहचान
मृतकों की पहचान मेरठ के सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव निवासी अमन राणा (25), रमेश उर्फ रिंकू (55), सागर (22) और पंकज (25) के रूप में हुई है।
— प्रत्यक्षदर्शी ने बताया
प्रत्यक्षदर्शी सुनील के मुताबिक, श्रद्धालु नवरात्रि के लिए ज्योत लेकर लौट रहे थे। कुछ लोग चाय पीने के लिए दुकान पर रुके थे, तभी कंटेनर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे ने खुशियों से भरी धार्मिक यात्रा को मातम में बदल दिया।
———–
