सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने ट्यूबवेल से बिजली का केबल चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 20 फुट बिजली का केबल बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार ग्राम कमालपुर निवासी जसवीर सिंह ने 8 सितंबर 2026 को थाना फतेहपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके ट्यूबवेल का ताला तोड़कर बिजली का तार काटकर चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर थाना फतेहपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
28 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर थाना फतेहपुर पुलिस ने मुकदमे में प्रकाश में आए वांछित आरोपी वंश पुत्र पप्पू निवासी फतेहपुर भादो, थाना फतेहपुर को ग्राम कमालपुर के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित 20 फुट बिजली का केबल बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना फतेहपुर में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 91/2026, 150/2026 और 166/2026 शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद सिंह कुमार, उपनिरीक्षक बिजेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी गौरव कुमार तथा आरक्षी जतिन कुमार शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *