12 दिनों तक चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के बाद मानकमऊ घाट पर भावपूर्ण विसर्जन, राज विहार में 400 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
सहारनपुर। राज विहार स्थित संकीर्तन भवन में 14 से 25 सितंबर तक आयोजित 19वां श्री गणेश महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। 12 दिनों तक चले इस महोत्सव में प्रतिदिन सायं 4 से 6 बजे तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा सायं 6 बजे भगवान श्री गणेश जी की आरती हुई। महोत्सव के दौरान विधिवत पूजन प्रतिदिन पंडित सर्वेश शास्त्री द्वारा कराया गया। महोत्सव में फैंसी ड्रेस, डांडिया, धार्मिक गीतों पर नृत्य, धार्मिक प्रश्नोत्तरी, श्रीकृष्ण सज्जा एवं चित्रकला प्रतियोगिता सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों, महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया। 24 सितंबर को आयोजित भजन संध्या में पंडित संदीप शर्मा जी ने भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
25 सितंबर को भगवान श्री गणेश जी की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी। यात्रा मानकमऊ घाट पहुंची, जहां सभी श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के साथ विधिवत गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। इस अवसर पर मुख्य आयोजक संदीप गर्ग ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, संस्कार, सेवा, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, आयोजकों, संयोजिकाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के मुख्य आयोजक संदीप गर्ग, वरुण गर्ग, गोपाल अग्रवाल एवं योगेश शर्मा रहे। संयोजिकाओं आयुषी अग्रवाल, गीता मित्तल, मधु गुप्ता, वीणा अग्रवाल, वंदना रस्तोगी, काव्या, नेहा, नीरजा, सुधा शर्मा एवं वंदना वशिष्ठ ने विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में अनिल भारद्वाज एवं पूनम भारद्वाज का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर आशु गर्ग, पूजा माथुर, राजेश, चैतन्य, उत्तरा निगोसकर, संजय पलसुले, उमेश त्यागी, शिव कुमार राणा, अलका, वीणा मेहंदीरत्ता, जीएस कालरा, अमित मेहंदीरत्ता, प्रवीण शर्मा, रकम सिंह, गौरव खरबंदा, किशन गोपाल, शशि गुप्ता, बंटी जोहरा, एस.बी. अग्रवाल, प्रभा शर्मा, देश दीपक एवं नीलम शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। विसर्जन के पश्चात राज विहार मंदिर प्रांगण में लगभग 400 श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ।
