हरिद्वार। 31बीएन उत्तराखंड एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर ललित पंवार ने शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज का औपचारिक निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स के साथ एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया,जिसमें विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।विद्यालय परिसर पहुँचने पर संस्था के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट ने कमांडिंग ऑफिसर और सूबेदार मेजर का गर्मजोशी से अभिनंदन और स्वागत किया।निरीक्षण के बाद कैडेट्स को संबोधित करते हुए कमांडिंग ऑफिसर ललित पंवार ने कहा,एनसीसी केवल एक संगठन नहीं,बल्कि युवाओं के भीतर अनुशासन,एकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की एक पवित्र पाठशाला है। आज के युवा ही कल के भारत के निर्माता हैं।उन्होंने कैडेट्स के टर्नआउट और उनके जोश की जमकर सराहना की।सूबेदार मेजर लक्ष्मण सिंह ने भी कैडेट्स को सैन्य जीवन के अनुभवों से रूबरू कराते हुए भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया।कमांडिंग ऑफिसर ने तरुण हिमालय इंटर कॉलेज द्वारा शिक्षा और अनुशासन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और प्रबंधन को आश्वस्त किया कि भविष्य में संस्था को हर प्रकार का सहयोग और संसाधन प्रदान किए जाएंगे,ताकि कैडेट्स को और बेहतर प्रशिक्षण मिल सके।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट ने 31बीएन.उत्तराखंड एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के इस दौरे को विद्यालय और कैडेट्स के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विद्यालय की कोआर्डिनेटर उमा भट्ट, समस्त शिक्षकगण,एनसीसी अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
