प्रो. (डॉ.) देवेंद्र नारायण एवं प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह को मिला ‘एजुकेशनल एक्सीलेंस पायनियर अवार्ड-2026
सहारनपुर। ग्रेटर नोएडा में 11 एवं 12 सितंबर को आयोजित द्वितीय नेशनल एजुकेशन कॉन्क्लेव-2026 में शोभित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने शैक्षिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किए। दो दिवसीय कॉन्क्लेव का आयोजन प्लस 91 मीडिया द्वारा किया गया, जिसमें एनसीवीईटी, एनएसडीसी एवं स्किल इंडिया सहित विभिन्न प्रमुख संस्थाओं का सहयोग रहा। कॉन्क्लेव का उद्देश्य शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में नवाचार, नई शिक्षा नीति, रोजगारपरक शिक्षा, कौशल विकास तथा उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में देशभर से शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं, कौशल विकास विशेषज्ञों तथा उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इस प्रतिष्ठित मंच पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शोभित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ निदेशक, सीआर एवं एचआर प्रो. (डॉ.) देवेंद्र नारायण को एजुकेशनल एक्सीलेंस पायनियर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। वहीं शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के डीन, हेल्थ साइंसेज प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह को भी ‘एजुकेशनल एक्सीलेंस पायनियर अवार्ड-2026’ प्रदान किया गया। इसके साथ ही कॉन्क्लेव में उन्हें ‘एस्टीम्ड स्पीकर’ के रूप में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह को दोहरे सम्मान से नवाजा गया।
दोनों सम्मान प्लस 91 मीडिया के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप गुलाटी तथा सह-संस्थापक आशुतोष दुबे द्वारा प्रदान किए गए। नेशनल एजुकेशन कॉन्क्लेव शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में नई दिशा, नवाचार और सहयोग को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों वरिष्ठ शिक्षाविदों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *