अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर:
कानून-व्यवस्था को बनाए रखने और आमजन के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करने में थाना मंडी प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा ने एक अलग ही छाप छोड़ी है। उनकी निष्पक्ष कार्यप्रणाली, त्वरित न्याय दिलाने की शैली और जनता से सीधा जुड़ाव ही वजह है कि आज पूरे क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता सिर चढ़कर बोल रही है।
इसी कड़ी में महादेव युवा सेवा समिति (रायवाला, कपड़ा मार्केट, सहारनपुर) द्वारा आयोजित ‘प्रथम विशाल छड़ी पूजन’ के पावन अवसर पर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय व्यापारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और ‘श्रेष्ठ अधिकारी सम्मान’ का प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
व्यापारियों का कहना है कि श्री राणा ने जब से थाना मंडी का कार्यभार संभाला है, तब से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर कड़ाई से अंकुश लगा है। वे केवल पुलिसिंग तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज के हर वर्ग, व्यापारियों और संभ्रांत लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखते हैं। किसी भी विवाद का शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण समाधान निकालने में महारत हासिल कर चुके वीरेंद्र सिंह राणा हर नागरिक के लिए बेहद सहजता से उपलब्ध रहते हैं।
कपड़ा मार्केट रायवाला के व्यापारियों और युवाओं में उनके प्रति खासा उत्साह देखा गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रभारी निरीक्षक खुद सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हैं, जिससे शांति और सौहार्द का माहौल बना रहता है। सम्मान समारोह के दौरान महादेव युवा सेवा समिति (रायवाला) के सभी आयोजक, सदस्य और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
