हरिद्वार। श्रद्धालुओं को स्वच्छ,सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम के नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार द्वारा कांवड़ मार्ग एवं प्रमुख मेला क्षेत्रों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान जटवाड़ा पुल से ज्वालापुर कांवड़ पटरी,बैरागी क्षेत्र,रोड़ी बेलवाला सहित अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था ,कूड़ा उठान,मार्गों की स्वच्छता,डस्टबिन की उपलब्धता,सफाई कर्मियों की तैनाती तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।नगर आयुक्त ने विभिन्न स्थानों पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के दौरान पूरे मेला क्षेत्र एवं कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी जाए। कूड़े का समयबद्ध उठान सुनिश्चित किया जाए,संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी स्थान पर गंदगी अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ पूर्ण जिम्मेदारी एवं सतर्कता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी प्रमुख स्थलों पर नियमित निरीक्षण जारी रखा जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन एवं मानवबल की तैनाती सुनिश्चित की जाए,जिससे मेले के दौरान स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत,मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर सहित नगर निगम हरिद्वार की स्वच्छता टीम एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
