सहारनपुर। सहारनपुर की बहू और वर्तमान में अबू धाबी, संयुक्त अरब अमीरात में रह रहीं फाल्गुनी कुमार चैहान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परचम लहराते हुए मिस यूएई इंटरनेशनल 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित सहारनपुर में भी गर्व और खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता के दौरान फाल्गुनी ने फाइनलिस्ट के रूप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रतिभा से निर्णायकों को प्रभावित किया। उन्हें मिस यूएई इंटरनेशनल 2026 से सम्मानित किया गया तथा सोशल मीडिया पर उनकी प्रभावशाली उपस्थिति के लिए श्रीमती सोशल मीडिया क्वीन का सब-टाइटल भी प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में उन्हें मिस यूएई इंटरनेशनल 2026 की विजेता घोषित किया गया।
यह सफलता फाल्गुनी के लिए अचानक मिली उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसके पीछे लंबे समय की तैयारी, कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर आत्म-विकास की कहानी है। उन्होंने प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण के लिए पूरी गंभीरता से तैयारी की और डांस, स्टेज प्रेजेंस, ग्रूमिंग, फिटनेस, व्यक्तित्व विकास तथा प्रश्नोत्तर जैसे विभिन्न पहलुओं पर लगातार मेहनत की।
फाल्गुनी की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने यह मुकाम दो छोटी बेटियों की माँ होने के साथ हासिल किया। उनकी बड़ी बेटी लगभग साढ़े तीन वर्ष की और छोटी बेटी लगभग डेढ़ वर्ष की हैं। बच्चों की परवरिश और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने सपने के लिए समय निकालना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखा।
फाल्गुनी इस सफलता का श्रेय अपने पति, माता-पिता, सास-ससुर और पूरे परिवार को देती हैं। उनका कहना है कि परिवार के विश्वास, प्रेम, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन ने उन्हें हर कदम पर आगे बढ़ने की शक्ति दी। उन्होंने हमेशा उन्हें अपने सपनों को पूरा करने और जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
