नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मानसून सत्र के दौरान शासकीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की है।मानसून सत्र एवं मुख्यमंत्री जी के गर्जिया- रामनगर भ्रमण के दृष्टिगत जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा बिना उनकी अनुमति के मुख्यालय न छोड़ने के स्पष्ट आदेश पारित किए गए थे।इसके बावजूदअधिशासी अभियंता, कोसी निर्माण सिंचाई खण्ड,रामनगर अजय जॉन 05जुलाई 2026 को बिना अवकाश स्वीकृति के मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए।जिलाधिकारी ने उक्त कृत्य पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया था।नोटिस के उत्तर में अधिशासी अभियंता ने बिना अनुमति अनुपस्थित रहना स्वीकार किया,इसका कारण अपने सगे मौसेरे भाई की पत्नी का स्वास्थ्य अत्यधिक खराब होना बताया।जिलाधिकारी ने कहा कि यह कृत्य उत्तराखंड राज्य सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली 2002 के नियम 03(1) एवं 03(2) का स्पष्ट उल्लंघन है।शासकीय आदेशों की अवहेलना,अनुशासनहीनता एवं दायित्वों के प्रति लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित कराने हेतु शासन को सूचित करने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मानसून सत्र में बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ा जाए।जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
