हरिद्वार। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग,पुलिस विभाग,परिवहन विभाग,स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक व्यापक विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया।रैली का शुभारंभ प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर व दिल्ली पब्लिक स्कूल,रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ.अनुपम जग्गा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।यह रैली दिल्ली पब्लिक स्कूल से शुरू होकर स्वर्ण जयंती पार्क होते हुए,सेक्टर 4पीठ बाजार होते हुए,सड़क मार्ग से वापस डीपीएस में समाप्त हुई।प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त के आदेश पर आयोजित रैली में सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में मानव तस्करी के शिकार पीड़ितों की दुर्दशा के प्रति संवेदनशीलता को बनाये रखना व उनके विधिक व संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित बनाना व इस गंभीर अपराध की रोकथाम के लिए,आमजन को जागरूक करना है।हमारा देश आजाद होने के बाद भी इस तरह की सामाजिक बुराई आज भी प्रचलित है,जिसके निदान के लिए,सबको जागरूक व संवेदनशील होना आवश्यक है। प्रधानाचार्य डॉ.जग्गा ने कहा कि इस तरह के अभियान व रैली करने से बच्चों व आम जनता को मानव तस्करी से संबंधित गंभीर अपराध के संबंध में जागरूक कर बचाया जा सकता है। परिवहन विभाग से अरूणा सैनी व उनकी टीम,पुलिस विभाग के पुलिसकर्मी,सी.डब्लू.सी.की सदस्य व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारीगण के अलावा छात्र-छात्राओं,तथा अध्यापकों, प्राधिकरण के एल.ए.डी.सी.अधिवक्ता,पैनल अधिवक्ता एवं अधिकार मित्र उपस्थित रहे।वहीं दूसरी ओर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरजीत कौर ने वन स्टॉप सेंटर बहादराबाद के कार्यों की समीक्षा की गई।वहां पर प्राधिकरण की ओर से स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेक्स का फीता काटकर विधिवत रूप से शुभारंभ किया तथा एक पैनल अधिवक्ता व अधिकार मित्र की ड्यूटी लगायी गयी।वन स्टॉप सेंटर के कार्यरत कर्मचारियों से वार्तालाप कर उनकी समस्या के समाधान हेतु उचित निस्तारण के लिए संबंधित फोरम में पत्राचार कर अपनी बात रखने का परामर्श दिया।गैस प्लांट पुलिस चौकी थाना रानीपुर में स्थापित लीगल ऐड क्लिनिक का औचक निरीक्षण किया गया तथा वहां पर संबंधित पैनल अधिवक्ता व अधिकार मित्र के कार्यों की समीक्षा की गई,उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।बुधवार को ही प्राधिकरण की मासिक बैठक जिला न्यायालय के सभागार में जनपद न्यायाधीश/प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त की अध्यक्षता में हुई।बैठक में सदस्यगण जिला अधिकारी,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट,सी.एम.ओ.,जिला शासकीय अधिवक्ता सिविल,फौजदारी, रेवेन्यू,व जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने प्रतिभाग किया तथा आगामी माह में होने वाली विधिक गतिविधियों की रूप रेखा तैयार की गई।बैठक के साथ पीड़ित प्रतिकर योजना व अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के तहत लाभार्थियों को आवश्यक लाभ उपलब्ध कराये जाने के लिए भी परिचर्चा की गयी। बैठक का संचालन प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने किया।
