सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बेहट विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमर अली खान ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, बेबुनियाद और राजनीतिक साजिश का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक उमर अली खान ने कहा कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी उनके खिलाफ इसी प्रकार के आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले से अवगत कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासनिक स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो वह न्यायालय की शरण लेंगे और उपलब्ध ऑडियो तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उनका कहना था कि किसी भी व्यक्ति को झूठे आरोप लगाकर किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का अधिकार नहीं है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी को आर्थिक या मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास न कर सके।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चैधरी अब्दुल वाहिद ने भी प्रेस वार्ता में कहा कि कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है और तथ्यहीन आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानून के दायरे में कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक ठाकुर वीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद हाजी फजलुर रहमान, पूर्व सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान, पूर्व मंत्री लियाकत अली सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *