हरिद्वार। मेयर किरण जैसल ने शहरी विकास मंत्री रामसिंह कैड़ा एवं शहरी विकास सचिव नितेश झा से शिष्टाचार भेंटकर हरिद्वार के समग्र,सुनियोजित एवं दीर्घकालिक विकास के साथ आगामी कांवड़ मेला एवं कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।मेयर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार पूरे देश और विश्व की आस्था का प्रमुख केंद्र है।वर्षभर लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक हरिद्वार आते हैं,जबकि कांवड़ मेले और कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर करोड़ों में पहंुच जाती हैं।ऐसे में शहर के आधारभूत ढांचे को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।मेयर ने बैठक में शहर की सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण,प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण,ड्रेनेज एवं सीवर व्यवस्था के विस्तार,स्वच्छ पेयजल आपूर्ति,आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली,शहर की नियमित एवं वैज्ञानिक सफाई व्यवस्था,स्ट्रीट लाइटों के आधुनिकीकरण,पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास,हरित क्षेत्रों के संरक्षण,पार्किंग सुविधाओं के विस्तार,यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण,घाटों के पुनर्विकास,गंगा तट की स्वच्छता,नदी किनारे आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विकास तथा स्मार्ट सिटी की अवधारणा के अनुरूप आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए नगर निगम की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होने कहा कि बढ़ती आबादी,तीर्थ पर्यटन और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए नगर निगम को अतिरिक्त संसाधनों एवं विशेष विकास पैकेज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि समयबद्ध तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाए तो हरिद्वार को देश के सबसे स्वच्छ,सुंदर और सुव्यवस्थित धार्मिक नगरों में शामिल किया जा सकता है।बैठक के दौरान आगामी कांवड़ मेला एवं कुंभ मेला की तैयारियों पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। उन्होंने मेले के दृष्टिगत घाटों की विशेष सफाई,अस्थायी एवं स्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाने,पेयजल व्यवस्था,प्रकाश व्यवस्था,कूड़ा निस्तारण की प्रभावी प्रणाली,श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थलों का विकास,पार्किंग सुविधाओं का विस्तार,यातायात प्रबंधन,सौंदर्यीकरण,आपात कालीन सुविधाओं तथा नगर निगम के संसाधनों को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार के विकास को राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि धार्मिक,सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से हरिद्वार का विशेष महत्व है।उन्होंने महापौर द्वारा रखे गए सभी विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने तथा आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।शहरी विकास सचिव नितेश झा ने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रस्तुत विकास योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा मेले की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश देने का भी आश्वासन दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *