हरिद्वार/रूड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा,नवाचार तथा प्रतिभा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को वोट बैंक नहीं,बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ मानते हुए उनकी शिक्षा,कौशल,नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है,जहाँ युवाओं को अवसरों के लिए पलायन न करना पड़े,बल्कि उन्हें अपने ही प्रदेश में रोजगार,उद्यम और नवाचार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना,युवा प्रोत्साहन योजना,दीनदयाल उपाध्याय योजना,एक जनपद-दो उत्पाद योजना तथा हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे प्रयास स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिला रहे हैं।स्टेट मिलेट मिशन,एप्पल मिशन,कीवी मिशन,नई पर्यटन नीति,होम-स्टे,वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी पहलें भी रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के परिणामस्वरूप उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है,जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना,महिला छात्रावास,आधुनिक आईटी लैब,परीक्षा भवनों का निर्माण तथा उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ नए महाविद्यालयों की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड का युवा विज्ञान,तकनीक,अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से प्रदेश को देश का अग्रणी एवं सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया तथा उनके विभिन्न प्रश्नों का सरल, स्पष्ट एवं सारगर्भित उत्तर दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि रुड़की विज्ञान,अनुसंधान एवं नवाचार की भूमि है।उन्होंने युवा संवाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभाशाली युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।स्टार्टअप को प्रोत्साहन एवं वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का प्रभावी संचालन किया जा रहा है।सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर सरकार की कार्ययोजना के संबंध में प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सोशल मीडिया जनसंचार का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है।किसी भी सूचना का प्रसार कुछ ही क्षणों में लाखों लोगों तक हो जाता है।पहले लोगों को समाचारों के लिए मुख्य रूप से समाचार पत्रों एवं टेलीविजन पर निर्भर रहना पड़ता था,जबकि आज प्रत्येक व्यक्ति अपनी बात सीधे समाज तक पहुंचा सकता है।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर प्रभावी निगरानी के लिए साइबर सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रही है तथा अफवाह फैलाने एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।सोनालिका ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों के संबंध में प्रश्न किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 के कुंभ मेले को दिव्य,भव्य,सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के दौरान आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(एआई)आधारित निगरानी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।कार्यक्रम के आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत कर सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।इस दौरान राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी,परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा,जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी,भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह,रुड़की महापौर अनीता अग्रवाल,श्यामवीर सैनी,आदेश सैनी,शोभाराम प्रजापति, भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी,युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम भुल्लर, ,जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर,संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ,अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार,पुलिस अधीक्षक (देहात)शेखर सुयाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह,उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *