नईदिल्ली,27 जून। अफगानिस्तान के हिंदूकुश में शाम 7 बजे के करीब 6.2 तीव्रता का भूकंप आया है। इसका असर भारत में भी देखने को मिला है। दिल्ली- एनसीआर से लेकर जम्मू-कश्मीर तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के साथ ही हिमाचल प्रदेश में भी धरती कांप उठी। इसके अलावा 6 देशों- पाकिस्तान, चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान में भी लोगों ने झटके महसूस किए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र पूर्वोत्तर अफगानिस्तान में कालाफगान से करीब 81 किलोमीटर दूर धरती की सतह से 215 किलोमीटर की गहराई में था। वहीं, अमेरिका के जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान में जुर्म से 43 किलोमीटर दक्षिण में आया था। इस घटना में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की तत्काल सूचना नहीं मिली है। भूकंप के घबराए लोगों के कई वीडियो सामने आए हैं।
आज सुबह करीब 8 बजे पाकिस्तान में भी 5.4 तीव्रता का भूकंप आया था। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र के अनुसार, इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर गहराई में था। इसके बाद 4.5 और 4.7 तीव्रता के 2 और भूकंप आए थे। बता दें कि अफगानिस्तान भूकंप के लिहाज से संवेदनशील जगह पर है खासतौर पर इसका हिंदू कुश इलाका। ये इंडियन और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के टकराने वाले क्षेत्र के ऊपर स्थित है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *