अज़ीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना कुतुबशेर पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान एक अभ्यर्थी को कूटरचित दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी मुकेश कुमार (अनुक्रमांक 7400904513) की बायोमेट्रिक जांच के दौरान गंभीर विसंगति पाई गई। परीक्षा उपरांत जब बायोमेट्रिक का पुनः मिलान किया गया, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। अभ्यर्थी के बायोमेट्रिक विवरण दो अलग-अलग पहचान से मेल खा रहे थे—एक नाम ‘मुकेश कुमार’ (निवासी बागपत) और दूसरा नाम ‘प्रथमेश’ (निवासी महाराष्ट्र)।
इस कार्रवाई के दौरान केंद्र प्रभारी निरीक्षक यतेन्द्र कुमार, केंद्र व्यवस्थापक श्रीमती बलविन्दर कौर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट प्रवीन कुमार की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और सत्यापन सुनिश्चित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना कुतुबशेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त मुकेश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से प्रवेश पत्र और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 265/26 धारा 318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि अभियुक्त ने परीक्षा में पास होने के लिए कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लिया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फर्जीवाड़े के इस खेल में और कौन-कौन से गिरोह शामिल हैं और अभ्यर्थी को यह फर्जी पहचान पत्र किसने उपलब्ध कराए थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *