हरिद्वार। सोमवार को नगर निगम ने शहर में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने सैकड़ों अतिक्रमण हटाने के साथ बिना लाइसेंस संचालित की जा रही ठेली फड़ व्यवसायियों की ठेलियों को जब्त कर लिया गया।अभियान शुरू करने से पूर्व नगर निगम द्वारा सम्पूर्ण क्षेत्र की वीडियोग्राफी कराई गई।वीडियोग्राफी के माध्यम से फुटपाथों,नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित किया गया।इसके पश्चात नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड एवं अन्य सामग्री को हटाकर जब्त कर लिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी,उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी,मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत,सफाई निरीक्षक अनिल कुमार,अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर,पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम की मौजूदगी चलाए गए अभियान के दौरान 90से अधिक अतिक्रमण हटाए गए। एसडीएम योगेश मेहरा,अतिक्रमण प्रभारी एवं मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह,सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल,अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर,पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम की टीम ने जयराम आश्रम से वाल्मीकि चौक तक अभियान संचालित करते हुए सड़कों और फुटपाथ पर किए गए 50 से अधिक अतिक्रमण हटाए। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में बाजार क्षेत्रों में नियमित रूप से जीपीएस युक्त फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई जाएगी।किसी भी अतिक्रमण विरोधी अभियान से पूर्व चिन्हित क्षेत्रों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। फुटपाथ,नाली,सड़क अथवा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर जुर्माना,सामग्री जब्ती एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
