हरिद्वार। तमंचे के बल पर हुई लूट के मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस ने 4आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपितों के कब्जे से पीड़ित का आधार कार्ड,पैन कार्ड, लूटी गयी स्कूटी,तमंचा,कारतूस,चाकू और दो हजार रूपए बरामद किए गए हैं।रानीपुर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि 23 मई की रात स्कूटी सवार चार युवक सिडकुल से घर लौट रहे ब्रज विहार निवासी सौरभ सती को चिन्मय डिग्री कालेज के पास रोककर तमंचे के बल पर उसकी स्कूटी,मोबाइल,पर्स व पांच हजार रूपए की नकदी लूटकर फरार हो गए थे।पीडित की शिकायत पर मुकद्मा दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और सीआईयू टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम की जांच पड़ताल और सीसीटीवी फुटेज से सामने आया कि आरोपियों ने वारदात के पहले और वारदात के दौरान गली मौहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल किया था।जिससे उनके स्थानीय होने की संभावना को देखते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 31 मई की रात मिली सूचना पर पुलिस ने रेगुलेटर पुल के पास से चार संदिग्ध युवकों कार्तिक सैनी पुत्र कमल सैनी निवासी ऋषिकुल नगर कोतवाली,शिवांश उर्फ विलन पुत्र जगदीश निवासी वेद सिटी अहमदपुर ग्रंट थाना बहादराबाद,लक्की पुत्र रमेशचंद्र निवासी सिया कालोनी राजा गार्डन थाना कनखल एवं वंश चंचल पुत्र बिट्टू चंचल निवासी राजूनगर बस अड्डा कोतवाली नगर को स्कूटी के साथ दबोच लिया।स्कूटी की नंबर प्लेट संदिग्ध लगने पर जब इंजन और चेसिस नंबर चैक किया गया तो पता चला कि वह लूटी गई स्कूटी है।जिसे फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल किया जा रहा था। तलाशी लेने पर युवकों के कब्जे से पुलिस ने एक मोबाइल फोन,पीड़ित का पर्स,आधार कार्ड,पैन कार्ड,एक देशी तमंचा,1जिन्दा कारतूस व एक चाकू बरामद किया।एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए युवक पुनः वारदात अंजाम देने की मंशा से निकले थे।पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी,गैस प्लांट चौकी प्रभारी एसआई चरण सिंह,एसआई अंशुल अग्रवाल,कांस्टेबल विवेक गुसांई,प्रेमसिंह दानू,हरीश राणा, उदय चौहान,नवीन क्षेत्री तथा सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट,कांस्टेबल वसीम,हरवीर,दीप गौड,नरेन्द्र,उमेश शामिल रहे।
