अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर। मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के काले कारोबार के खिलाफ सहारनपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देशन में पूरे क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” – “नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर दबनी कब्रिस्तान तालाब के पास से एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान राशिद उर्फ चीता (पुत्र अकबर, निवासी मौहल्ला पीर वाली गली नंबर-4, थाना मंडी, सहारनपुर) के रूप में हुई है। जामा तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 380 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।
गिरफ्तार किया गया अभियुक्त राशिद उर्फ चीता कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि इलाके का शातिर और हिस्ट्रीशीटर किस्म का अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से ही चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत करीब 11 मामले दर्ज हैं। इस नई बरामदगी के बाद उसके खिलाफ थाना कुतुबशेर में मु0अ0सं0 246/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत 12वां मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि राशिद यह चरस कहां से लाता था और सहारनपुर में किन-किन लोगों को सप्लाई करता था। उसके पूरे नेटवर्क (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक) को खंगाला जा रहा है ताकि नशे की इस पूरी चेन को तोड़ा जा सके।
इस शातिर अपराधी को दबोचने और नशे की खेप बरामद करने में थाना कुतुबशेर के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के साथ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, उपनिरीक्षक आकाश कुमार, हेड कांस्टेबल अणित भाटी, हेड कांस्टेबल अनुज आर्य और हेड कांस्टेबल सुभाष की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
