हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित,सुरक्षित एवं यातायात की दृष्टि से सुगम बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई),मेला प्रशासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में कुंभ मेला-2027 से पूर्व हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में एनएचएआई के सदस्य (प्रशासन) विशाल चौहान,मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका,जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित एनएचएआई,मेला प्रशासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान एनएचएआई के सदस्य (प्रशासन) विशाल चौहान ने राजमार्ग परियोजनाओं से संबंधित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा कराने का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों एवं संबंधित कांट्रैक्टर्स को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान हरिद्वार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न सड़क,फ्लाईओवर,चौड़ीकरण,जंक्शन सुधार एवं यातायात प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।बैठक में विशेष रूप से हरिद्वार बाईपास एवं प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना की प्रगति पर चर्चा हुई।मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कुंभ क्षेत्र तथा उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर एनएचएआई द्वारा संचालित कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने पर जोर दिया,ताकि कुंभ अवधि में यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाया जा सके।उन्होंने ज्वालापुर,बहादराबाद एवं मंगलौर क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवरों के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के साथ-साथ सर्विस लेन,सड़क प्रकाश व्यवस्था तथा ड्रेनेज कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आग्रह किया।हरिद्वार से जुड़े प्रमुख प्रवेश मार्गों, पार्किंग स्थलों तक पहुंच मार्गों तथा मेला क्षेत्र की ओर जाने वाले संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किए जाने पर विशेष बल दिया गया। बैठक के दौरान निर्माण कार्यों में आ रही विभिन्न चुनौतियों एवं समस्याओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने भूमि उपलब्धता,यातायात डायवर्जन,विद्युत एवं पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग,वन एवं अन्य विभागीय अनुमतियों,मानसून अवधि के प्रभाव तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में निर्माण कार्य संचालन जैसी चुनौतियों का उल्लेख किया।संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत सभी निर्माण एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा,सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्माण कार्यों में आ रही स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का सीधा संबंध कुंभ मेला यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से है,उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाना जरूरी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *