हरिद्वार। गंगा दशहरा के अवसर पर देश के तमाम राज्यों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।हर की पौड़ी समेत सभी घाटों पर सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।ब्रह्म मुर्हत में शुरू हुआ स्नान का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।श्रद्धालु भक्तों ने गंगा स्नान कर सूर्यदेव को अद्धर्य प्रदान किये और दान पुण्य कर परिवारों के लिए मंगलकामना की।ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार गंगा दशहरे पर गंगा स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है।स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने मेला क्षेत्र को जोन व सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व यातायात संचालन के कड़े इंतजाम किए थे।एसएसपी नवनीत सिंह सहित तमाम पुलिस अधिकारी दिन भर मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते रहे।तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने बताया कि गंगा दशहरे पर गंगा स्नान,दान और पितरों के निमित्त तर्पण करने से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं।यदि किसी वजह से कोई व्यक्ति गंगा तट पर ना पहुंच सके तो सामान्य जल में गंगा जल मिलाकर स्नान करने से भी पुण्य फल प्राप्त होता है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि स्नान का सिलसिला लगातार चल रहा है।दोपहर तक 16लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं।एसएसपी ने बताया कि स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।इस बार गंगा दशहरा,निर्जला एकादशी,बकरीद और वीकेंड एक साथ होने से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम किए हैं।पूरे मेला क्षेत्र को 2सुपर जोन,11जोन और 27सेक्टरों में बांटा गया है।सभी गंगा घाटों पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात है।बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीमें भी अलर्ट पर हैं।संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं।सीसीटीवी कैमरों से भी चौकस निगरानी की जा रही हैं। हर की पौड़ी,मनसा देवी,चंडी देवी मंदिरों में तैनात फोर्स को घाटों और मंदिर परिसर को लगातार खाली कराने और श्रद्धालुओं को अंतराल से बाहर निकालने के निर्देश दिए गए हैं। सभी स्नान घाटों पर गोताखोर तैनात हैं।खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार स्नान के दौरान ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर चरणबद्ध तरीके से वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है।शहर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।यह रोक स्नान पर्व समाप्त होने तक जारी रहेगी।बसों,ट्रैक्टर-ट्रॉली और बड़े यात्री वाहनों को चमगादड़ टापू पार्किंग में रोका जा रहा है।
